14वीं आरएसी के डीएसपी गिरिराज गर्ग का निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

भीलवाड़ा समाचार 
आकोला (रमेशचंद्र डाड)14वीं आरएसी (खन्न) में तैनात डीएसपी गिरिराज गर्ग (56) का हृदयाघात से निधन हो गया। बुधवार रात क्वार्टर में अचानक तबीयत बिगड़ने पर साथी पुलिसकर्मी उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान गुरुवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन की सूचना मिलते ही पुलिस एवं आरएसी महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया गया कि डीएसपी गिरिराज गर्ग को इसी वर्ष मार्च में जयपुर के एक निजी अस्पताल में हार्ट ब्लॉकेज के चलते स्टेंट डाला गया था। इसके बाद अगस्त 2026 में उन्होंने 14वीं आरएसी (खन्न) में डीएसपी के पद पर कार्यभार संभाला था। सेवा में अभी करीब चार वर्ष शेष थे।

डीएसपी गर्ग के बेटे प्रज्ज्वल गर्ग ने बताया कि बुधवार रात स्टाफ की ओर से पिता की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह अपने दादा बालाप्रसाद गर्ग के साथ कोटा पहुंचे, लेकिन सुबह करीब चार बजे उनके निधन की सूचना मिली।

गिरिराज गर्ग का परिवार मूल रूप से मांडलगढ़ का रहने वाला है। उनके परिवार में सेवानिवृत्त जिला आयुर्वेद अधिकारी पिता बालाप्रसाद गर्ग, माता, दो भाई, पत्नी और दो बच्चे हैं। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को मांडलगढ़ लेकर पहुंचे।

पुलिस अधिकारियों ने दी अंतिम सलामी

मांडलगढ़ पहुंचने के बाद संध्याकाल में 14वीं आरएसी (खन्न) में तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहाबाद खान मय टीम, मांडलगढ़ पुलिस उपाधीक्षक योगेश शर्मा तथा थाना प्रभारी राजकुमार नायक मय पुलिस टीम ने दिवंगत डीएसपी को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पुलिस जवानों ने फायर के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी।

इसके बाद परिजनों ने विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया और गिरिराज गर्ग पंचतत्व में विलीन हो गए। पुलिस एवं आरएसी के अधिकारियों और जवानों ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

स्थानीय स्तर पर इसे मांडलगढ़ में पुलिस अधिकारी के अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस सम्मान और फायर सलामी से जुड़ा एक उल्लेखनीय अवसर बताया जा रहा है।